पूर्व सैनिक संघ की मासिक बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार और एकता पर विमर्श

  • Post By Admin on Dec 21 2025
पूर्व सैनिक संघ की मासिक बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार और एकता पर विमर्श

मुजफ्फरपुर : भगवानपुर स्थित बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ शाखा की दिसम्बर माह की मासिक बैठक का आयोजन रविवार को एक निजी विवाह भवन में सफलतापूर्वक किया गया। बैठक में शाखा से जुड़े सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भगवानपुर शाखा के अध्यक्ष श्री शिव कुमार ने की।

बैठक में बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राम प्रवेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सदस्यों को संबोधित करते हुए शाखा एवं संघ को और अधिक सशक्त और संगठित बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों से एकजुट होकर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

संघ के कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने आगामी विजय दिवस समारोह की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह समारोह 28 दिसम्बर को कंबाइन बिल्डिंग परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर को राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा बताते हुए उन्होंने अधिक से अधिक सदस्यों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार और सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सदस्यों ने नए पूर्व सैनिकों को संघ से जोड़ने तथा उनके हित में निरंतर कार्य करने को लेकर अपने-अपने सुझाव भी रखे।

बैठक में प्रमुख रूप से चंद्र भूषण सिंह, अभ्युदय कुमार सिंह, आर.पी. सिंह, संतोष कुमार सिंह, परेश कुमार, संजय कुमार, अवधेश कुमार चौधरी, चंद्रभूषण चौधरी, अजय कुमार, अमरजीत कुमार सिंह सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई इस बैठक का समापन संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।