ब्लड बैंक व्यवस्था की समीक्षा के बीच डीएम ने किया रक्तदान, लोगों को किया प्रेरित
- Post By Admin on Mar 30 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने सोमवार को सदर अस्पताल, लखीसराय का निरीक्षण कर ब्लड बैंक की व्यवस्था और रक्त की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में रक्त की कमी नहीं होनी चाहिए और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त यूनिट, उसकी गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और अभिलेख संधारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अस्पताल में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे। साथ ही आम लोगों को भी रक्तदान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस कदम से अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में उत्साह देखा गया और कई लोग रक्तदान के लिए प्रेरित हुए।
इसी क्रम में विकास कुमार और राहुल कुमार ने भी एक गर्भवती महिला की जान बचाने के उद्देश्य से रक्तदान किया। समय पर रक्त उपलब्ध होने से महिला का सफलतापूर्वक उपचार संभव हो सका। महिला के परिजनों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह किसी की जिंदगी बचाने का सबसे सरल और महान माध्यम है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लोग स्वेच्छा से रक्तदान करें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन की इस पहल को समाज में मानवता और सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।