समर्पित शिक्षकीय योगदान के बाद धनेश्वर कुमार सेवा निवृत्त, सहकर्मियों ने दी शुभकामनाएं

  • Post By Admin on Mar 13 2026
समर्पित शिक्षकीय योगदान के बाद धनेश्वर कुमार सेवा निवृत्त, सहकर्मियों ने दी शुभकामनाएं

मुजफ्फरपुर : मध्य विद्यालय पकड़ी बर्खरदार, बोचहां के प्रधानाध्यापक श्री धनेश्वर कुमार 28 फरवरी 2026 को अपने लंबे और समर्पित शिक्षकीय जीवन के बाद सेवा निवृत्त हो गए। इस अवसर पर शिक्षकों, सहकर्मियों और समाज के लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मान और शुभकामनाएं दीं।

अपने शिक्षकीय जीवन के दौरान श्री धनेश्वर कुमार ने शिक्षा को केवल एक पेशा नहीं, बल्कि साधना के रूप में अपनाया। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उनका दृष्टिकोण सदैव प्रेरणादायी रहा। अनुशासन, सादगी और कार्यनिष्ठा उनके व्यक्तित्व की प्रमुख विशेषताएं रहीं। उनके नेतृत्व में विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों के लिए संस्कारों की पाठशाला भी बना।

प्रधानाध्यापक के रूप में उनकी नेतृत्व क्षमता के कारण विद्यालय ने कई उपलब्धियां हासिल कीं। सहकर्मियों के प्रति उनका सहयोगी रवैया और विद्यार्थियों के प्रति स्नेह ने उन्हें एक आदर्श शिक्षक और कुशल प्रशासक के रूप में पहचान दिलाई। उनके मार्गदर्शन में अनेक शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने जीवन में सफलता की राह पाई।

सेवा निवृत्ति के अवसर पर उनके योगदान को नमन करते हुए यह विश्वास व्यक्त किया गया कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन आगे भी समाज और शिक्षा जगत को दिशा देता रहेगा। शिक्षा क्षेत्र में उनका नाम सदैव सम्मान और प्रेरणा के साथ लिया जाएगा।

प्राथमिक शिक्षक संघ, बोचहां के अध्यक्ष शशि सिद्धेश्वर कुमार "गुलाब" ने कहा कि श्री धनेश्वर कुमार का शिक्षकीय जीवन समर्पण और प्रेरणा का उदाहरण है। उन्होंने उनके स्वस्थ, शांतिपूर्ण और रचनात्मक भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।