लखीसराय में विकास को रफ्तार, उपमुख्यमंत्री ने दी 4.35 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की सौगात
- Post By Admin on Apr 05 2026
लखीसराय : उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। करीब 4.35 करोड़ रुपए की इन योजनाओं से शहर की जल निकासी व्यवस्था और सड़क सुविधा में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने लगभग 2.85 करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन तथा करीब 1.50 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास किया। अधिकारियों के अनुसार इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के कई इलाकों में जलजमाव और यातायात की समस्या कम होगी।
प्रमुख उद्घाटन कार्य
नगर परिषद क्षेत्र में जिन योजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें वार्ड संख्या 06 में माधव जी के कोना से बाल्मीकि महतो मोड़ तक ढक्कन सहित नाला और सड़क निर्माण कार्य (43.86 लाख रुपए), मुख्य सड़क पर जमुई मोड़ से लाल पहाड़ी मोड़ तक आरसीसी नाला निर्माण कार्य (1.47 करोड़ रुपए), वार्ड संख्या 21 में राजेश तांती के घर से राजेश पंडित के घर तक पीसीसी सड़क और आरसीसी नाला निर्माण कार्य (48.34 लाख रुपए) तथा वार्ड संख्या 28 में एम.डी. पब्लिक स्कूल से कवैया थाना तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य (44.95 लाख रुपए) शामिल हैं।
महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास
इसके अलावा वार्ड संख्या 28 स्थित लखमोहन पोखर में सीढ़ी घाट निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य (97.53 लाख रुपए) तथा वार्ड संख्या 16 और 17 के मनसिंघा पैन क्षेत्र में जल निकासी के लिए आरसीसी नाला निर्माण कार्य (52.53 लाख रुपए) का भी शिलान्यास किया गया।
कार्यकर्ताओं को दिया सेवा का संदेश
इससे पहले सूर्यगढ़ा के शारदा विद्यापीठ में आयोजित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी जीविका की व्यवस्था स्वयं करनी चाहिए और राजनीति को समाज सेवा का माध्यम बनाना चाहिए।
जन कल्याण संवाद में सुनी समस्याएँ
लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित “जन कल्याण संवाद” कार्यक्रम में भी उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएँ सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
कार्यक्रम में दीपक कुमार सिंह, सनोज साहू, अमरजीत प्रजापति, गौतम मंडल तथा जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने जिले में विकास योजनाओं की सौगात के लिए उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।