कांग्रेस ने घुसपैठियों को जमीनें दी, अवैध कब्जों को संरक्षण दिया : पीएम मोदी
- Post By Admin on Sep 14 2025

गोलाघाट : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के गोलाघाट में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने शासनकाल में घुसपैठियों को जमीनें दीं, अवैध कब्जों को संरक्षण दिया और वोटबैंक की राजनीति के लिए असम की जनसांख्यिकी का संतुलन बिगाड़ दिया।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश और असम दोनों पर शासन किया, लेकिन विकास की रफ्तार हमेशा धीमी रही। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार असम की पुरानी पहचान को सशक्त कर रही है और राज्य को आधुनिक विकास से भी जोड़ रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने असम और नॉर्थ-ईस्ट को अलगाव, हिंसा और विवाद की राजनीति दी, जबकि भाजपा विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने असमिया भाषा को क्लासिकल लैंग्वेज का दर्जा दिया है और वीर लाचित बोरफुकन जैसे नायकों को वह सम्मान दिया है, जिसकी कांग्रेस ने उपेक्षा की थी।
मोदी ने शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि असम की भाजपा सरकार नई शिक्षा नीति को तेजी से लागू कर रही है और स्थानीय भाषाओं को बढ़ावा दे रही है।
प्रधानमंत्री ने घुसपैठ की समस्या को असम की सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के शासन में घुसपैठियों को जमीनें दी गईं और अवैध कब्जों को संरक्षण दिया गया। आज भाजपा सरकार असम की जनता के साथ मिलकर इस चुनौती का मुकाबला कर रही है और घुसपैठियों से जमीनों को मुक्त करवा रही है।"
मोदी ने बांस से जुड़ी नीति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले बांस काटने पर जेल हो सकती थी, जबकि भाजपा सरकार ने यह प्रतिबंध हटाकर बांस आधारित उद्योगों और इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा दिया है। उनके अनुसार, इससे पूर्वोत्तर की अर्थव्यवस्था और स्थानीय समुदायों को लाभ मिल रहा है।