बीपीएसएस की राज्य स्तरीय बैठक में बिहार प्रदेश कार्यकारिणी कमिटी घोषित

  • Post By Admin on Sep 12 2026
बीपीएसएस की राज्य स्तरीय बैठक में बिहार प्रदेश कार्यकारिणी कमिटी घोषित

पटना: भारतीय पिछड़ा शोषित संगठन (BPSS) की राज्य स्तरीय जनरल बॉडी की बैठक शनिवार, 12 सितंबर 2026 को पटना के दरोगा राय पथ स्थित गौतम बुद्ध विहार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष प्रो. उमेश राय ने की। इस दौरान पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि करते हुए बिहार प्रदेश कार्यकारिणी कमिटी की घोषणा की गई।

घोषित कार्यकारिणी में दरभंगा निवासी प्रो. उमेश राय को प्रदेश अध्यक्ष, मुजफ्फरपुर निवासी डॉ. ललन भगत को प्रदेश महासचिव तथा पटना निवासी अखिलेश कुमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया। प्रदेश कार्यकारिणी कमिटी के सदस्यों में पटना से ई. रामानुज सिंह गौतम, बक्सर से अखिलेश्वर प्रसाद सिंह एवं विश्वा यादव, सासाराम से डॉ. जय भगवान विमल, रोहतास से राजेंद्र प्रभाकर तथा आरा से प्रो. डॉ. रामबाबू चौपाल को शामिल किया गया।

बैठक में बीपीएसएस के राष्ट्रीय संरक्षक जुनैद आलम, बिहार के केंद्रीय प्रभारी मोहम्मद सुलेमान, मुजफ्फरपुर से डॉ. ललन भगत, प्रदेश महासचिव योगेंद्र रजक, कठपुतली लोक कलाकार सुनील कुमार ठाकुर, पटना से कोषाध्यक्ष अखिलेश कुमार, सीतामढ़ी से असेश्वर राय एवं सुधीर यादव, भोजपुर से बृज बहादुर गोपाल एवं प्रो. डॉ. रामबाबू चौपाल, बक्सर से राम बचन बौद्ध सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में महाराष्ट्र के यवतमाल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा बिहार सरकार द्वारा विभिन्न जिलों में पिछड़ी एवं अतिपिछड़ी जाति के बालकों के लिए प्रस्तावित विद्यालयों का नाम ज्योतिराव फुले तथा बालिकाओं के विद्यालयों का नाम सावित्रीबाई फुले के नाम पर रखे जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने के लिए प्रतिनिधिमंडल के चयन पर चर्चा हुई।

बिहार प्रदेश के केंद्रीय प्रभारी मोहम्मद सुलेमान ने राज्य के विभिन्न जिलों में बीपीएसएस की संगठनात्मक इकाइयों का शीघ्र गठन करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया गया। बैठक में 1 सितंबर को ललई सिंह यादव जयंती, 5 सितंबर को जगदेव प्रसाद शहादत दिवस तथा 17 सितंबर को पेरियार ई.वी. रामासामी जयंती सभी जिलों में संयुक्त रूप से आयोजित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक के अंत में राम बचन बौद्ध, डॉ. ललन भगत, प्रो. डॉ. रामबाबू चौपाल, अखिलेश्वर राय एवं अखिलेश कुमार ने अपने विचार रखे। उपस्थित सदस्यों के प्रति योगेंद्र रजक ने धन्यवाद ज्ञापित किया।