दिल्ली में गूंजा बिहार का सुर, सिविल सेवा प्रतियोगिता में स्वर्ण व कांस्य पदक
- Post By Admin on Mar 24 2026
लखीसराय : सिविल सर्विसेज ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट, विनय मार्ग, नई दिल्ली में 20 से 25 मार्च 2026 तक आयोजित अखिल भारतीय सिविल सेवा सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बिहार सचिवालय की 24 सदस्यीय टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच बिहार की टीम ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रभावशाली परिचय दिया और कई विधाओं में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
प्रतियोगिता के नाटक वर्ग में ‘बाबूजी का चश्मा’ की प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली। इस नाटक में राजस्व विभाग, बिहार की अनुभाग पदाधिकारी श्रीमती संगीता चंद्रा ने ‘बड़ी बहू’ की भूमिका में शानदार अभिनय करते हुए दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। उनके उत्कृष्ट अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का कांस्य पदक प्रदान किया गया।
इसी प्रकार लाइट क्लासिकल इंस्ट्रुमेंटल श्रेणी में बिहार विधान परिषद के अवर सचिव श्री राजनंदन ने गिटार वादन में अपनी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया और कांस्य पदक हासिल किया।
हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता में लखीसराय के जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री मृणाल रंजन ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके उत्कृष्ट गायन के लिए उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया, जो बिहार के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
बिहार के प्रतिभागियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह साबित हुआ कि राज्य के प्रशासनिक अधिकारी अपने दायित्वों के साथ-साथ सांस्कृतिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रतिभा रखते हैं। राज्य सरकार के वरीय अधिकारियों ने इस उपलब्धि के लिए सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे ही बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया है।
प्रतियोगिता के विजेताओं को औपचारिक रूप से 25 मार्च 2026 को आयोजित समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।