नेपाल की बाढ़ से आई दूषित मछलियों पर प्रशासन सख्त, बिहार में सेवन और बिक्री पर पूरी तरह रोक

  • Post By Admin on Sep 08 2026
नेपाल की बाढ़ से आई दूषित मछलियों पर प्रशासन सख्त, बिहार में सेवन और बिक्री पर पूरी तरह रोक

पटना : नेपाल में आई भीषण बाढ़ के पानी के साथ बिहार के विभिन्न जलक्षेत्रों में बहकर आई अज्ञात एवं असामान्य प्रजातियों की मछलियों के सेवन को लेकर मत्स्य निदेशालय, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग (बिहार सरकार) ने गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसी मछलियों का उपयोग मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक हानिकारक और प्रतिकूल है। इस संबंध में मत्स्य निदेशक द्वारा राज्य के सभी जिला पदाधिकारियों को पत्र भेजकर व्यापक प्रचार-प्रसार और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

विभागीय पत्र के अनुसार, नेपाल की बाढ़ के तेज बहाव में बहकर बिहार पहुंची ये मछलियां रास्ते में गंदी नालियों, मृत मवेशियों और शवों के लगातार संपर्क में रही हैं। इस कारण वे अत्यधिक संदूषित (प्रदूषित) हो चुकी हैं। इन मछलियों में हानिकारक जीवाणुओं (Bacteria), विषाणुओं (Viruses) और फफूंद (Fungus) का भारी संक्रमण पाया गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की पूरी आशंका है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मत्स्य निदेशालय ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से आमजन को जागरूक करने का अनुरोध किया है। साथ ही सभी जिलों के जिला मत्स्य पदाधिकारियों और उप मत्स्य निदेशकों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर लोगों को इन मछलियों की खरीद-बिक्री व सेवन से दूर रहने हेतु जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बाजारों या स्थानीय जलस्रोतों से पकड़ी गई किसी भी अज्ञात या असामान्य दिखने वाली मछली को खरीदने अथवा खाने से बचें, ताकि किसी भी संभावित स्वास्थ्य जोखिम और महामारी जैसी स्थिति से बचा जा सके।