बिहार दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Mar 22 2024
बिहार दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

पटना : बिहार दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा बिहार की राजधानी पटना में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिहार दिवस पर राजेंद्र नगर स्थित शाखा मैदान को वृक्षों का संग्रहालय (TREES MUSEUM) बनाने का निर्णय लिया गया। अभी तक 73 प्रकार के वृक्ष लगाए गए हैं। भविष्य में 100 से अधिक प्रकार के पेड़ लगाने की योजना है। पटना के शाखा मैदान परिसर में अब तक कुल 583 पेड़ लगाए गए हैं।

पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शान्डिल्य ने बताया कि 22 मार्च बिहार का जन्म दिन है। आज ही के दिन 1912 में ब्रिटिश शासन ने बंगाल से बिहार को अलग कर भारत का 12वां राज्य बनाया। बिहार गंगा, सोन, कोसी, पुनपुन, फल्गु नदियों के साथ-साथ ज्ञान, विज्ञान, धर्म, आध्यात्म का संगम स्थल रहा है। भारत का पहला ताम्र डाक टिकट बिहार में जारी हुआ। 1942 के अगस्त क्रांति में पटना के स्कूली छात्रों ने शहादत दी। 7 शहीद स्मारक उन्हीं की याद में बना है। भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद बिहार के थे। महात्मा गाँधी जी ने पहला सत्याग्रह बिहार के चंपारण से आरंभ किया था। 1756 में पटना के बांकीपुर में डाकघर बना। बिहार की छोटी नदी बागमती नेपाल से प्रवाहित होकर बिहार के गंगा में विलीन हो जाती है। बिहार के लिट्टी-चोखा को राष्ट्रीय भोजन के साथ साथ वैश्विक पहचान मिली है। बिहार मठों की भूमि है। बिहार का प्राचीन नाम मगध था। बिम्बिसार ने मगध की स्थापना की थी। राजगीर को राजधानी बनाया था। बिहार का महत्त्वपूर्ण त्योहार छठ पर्व है। इसके अलावा यहां होली, दिवाली, दुर्गापूजा, भैया दूज, सरस्वती पूजा धूमधाम से मनाई जाती है। बिहार भारत का सबसे पौराणिक स्थल है। भगवान श्रीराम जी ज्ञान प्राप्त करने हेतु बक्सर आए थे। माता सीता जी की जन्म स्थली सीतामढ़ी है। चंद्रगुप्त मौर्य, चाणक्य, सम्राट अशोक,आर्यभट्ट की भूमि बिहार रही है। ऐतिहासिक एवं प्राचीन विश्वविद्यालय नालंदा और विक्रमशिला बिहार में है। गौतम बुद्ध, भगवान महावीर, सिखों के 10वें गुरू गोविंद सिंह जी का जन्म स्थान बिहार है। 

2010 में बिहार दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। 2012 में बिहार का शताब्दी वर्ष मनाया गया। अतः बिहार दिवस पर पौधारोपण स्मरणीय कार्य है। यदि 14 करोड़ बिहार वासी अगर एक-एक वृक्ष भी लगाएंगे तो बिहार में 14 करोड़ पेड़ लग जाएंगे। पर्यावरण भारती के पौधारोपण कार्यक्रम में पटना पर्यावरण महानगर पेड़ उपक्रम प्रमुख अभिषेक कुमार वर्मा, सह महानगर पेड़ उपक्रम प्रमुख अभिषेक कुमार बादल, निरंजन कुमार वर्णवाल, पॉलीथीन उपक्रम प्रांत प्रमुख योगेश कुमार, नारी शक्ति डॉ. सरिता शंकर, श्रीमती भारती, अभिजीत कश्यप, प्रो. डॉक्टर विनय बिहारी, राम मोहन रस्तोगी, विजय कुमार गुप्ता, राजीव कुमार, विकास कुमार दिलीप, आदित्य, कृष्ण मुरारी प्रसाद सिंह, चन्द्र शेखर आजाद, आनंद राज, ई. सुमित, ई. कन्हैया, नीरज नयन इत्यादि ने भाग लिए।