बड़हिया में आवास योजना के लाभुकों को दीपावली का उपहार, अब साकार होगा अपने घर का सपना

  • Post By Admin on Nov 05 2026
बड़हिया में आवास योजना के लाभुकों को दीपावली का उपहार, अब साकार होगा अपने घर का सपना

लखीसराय : दीपावली के मौके पर नगर परिषद बड़हिया की ओर से जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के चयनित लाभुकों के बीच मकान निर्माण का कार्यादेश वितरित किया गया। कार्यादेश मिलने से लाभुक परिवारों के अपने पक्के घर का सपना पूरा होने की उम्मीद जगी है।

कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद की सभापति डेजी देवी ने कहा कि किसी गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध होना महज सरकारी योजना का लाभ नहीं, बल्कि उसके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और खुशियों का नया अध्याय जुड़ना है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का प्रयास केवल शहर में सड़क, नाली और रोशनी जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित करना नहीं है, बल्कि विकास का लाभ हर वार्ड और गली के साथ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना भी है।

सभापति ने कहा कि किसी जरूरतमंद परिवार को अपने घर का सपना पूरा होते देखना जनसेवा के सबसे सुखद अनुभवों में से एक है। उन्होंने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार की रोशनी हर घर के साथ उन परिवारों के जीवन में भी खुशियां और नई उम्मीद लेकर आए, जिन्हें अपने आशियाने का इंतजार है। उन्होंने कहा कि ‘बड़हिया का विकास, हर परिवार का सम्मान' नगर परिषद का संकल्प है। इसी सोच के साथ जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।