बड़हिया को मिली विकास की सौगात, उपमुख्यमंत्री ने 5.45 करोड़ की योजनाओं का किया शुभारंभ

  • Post By Admin on Apr 01 2026
बड़हिया को मिली विकास की सौगात, उपमुख्यमंत्री ने 5.45 करोड़ की योजनाओं का किया शुभारंभ

लखीसराय : बिहार के उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र लखीसराय के बड़हिया में कई विकास योजनाओं की सौगात दी। महावीर जयंती के अवसर पर उन्होंने भगवान महावीर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर क्षेत्र के विकास और सामाजिक सद्भाव का संकल्प लिया।

इसके बाद नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत बुडको के माध्यम से नगर परिषद बड़हिया के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से लगभग ₹5.45 करोड़ की लागत से कुल नौ योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड 7 और 12 में श्रीधर सेवा आश्रम से मुर्गी फार्म तक सड़क व नाला निर्माण, वार्ड 10 से 16 तक एनएच-80 से गणेश मंदिर तक आरसीसी नाला व सड़क निर्माण, वार्ड 11, 13, 15 व 10 में पकार टाल से शीतला स्थान तक निर्माण कार्य सहित कई योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा वार्ड 21-22 में जुगल सिंह बंगला से बच्चन सिंह के घर तक, वार्ड 24 में विजय सिंह के बथान से रामविलास कुमार के घर तक तथा वार्ड 6 में मुरारी सिंह के घर से प्रेम कुमार के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का भी उद्घाटन किया गया।

वहीं बिपिन सिंह के घर से मुन्ना सिंह के घर के बीच नए पुल के निर्माण तथा वार्ड 2 में गुपेश महतो के बथान से एनएच-80 तक सड़क व नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही यूको बैंक से सूर्यनारा बाबू के घर होते हुए मस्जिद तक पीसीसी सड़क और आरसीसी नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लखीसराय का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने “आगे बढ़ता लखीसराय, विकसित हो लखीसराय” के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, जिला मंत्री अमित कुमार, बड़हिया नगर अध्यक्ष अमित कुमार, नरोत्तम कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री ने लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित “जन कल्याण संवाद” में आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।