किशोर-किशोरियों के लिए जागरूकता और कौशल विकास कार्यशाला

  • Post By Admin on Dec 12 2024
किशोर-किशोरियों के लिए जागरूकता और कौशल विकास कार्यशाला

लखीसराय : जिला मुख्यालय के सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित महिला सशक्तिकरण कार्यालय में बुधवार को महिला एवं बाल विकास निगम और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में उड़ान परियोजना के अंतर्गत जागरूकता सह उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को सशक्त बनाना और उन्हें 21वीं सदी के कौशल से लैस करना था।

कार्यशाला की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने की। उन्होंने 21वीं सदी के कौशल के तहत ज्ञान, जीवन कौशल, करियर कौशल, आदतों और गुणों पर विस्तार से चर्चा की। आरिफ हुसैन ने यूथ हब ऐप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह ऐप आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर युवाओं, विशेषकर महिलाओं को रोजगार और कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए बनाया गया है।

केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और फ्रॉड कॉल जैसे मुद्दों पर जागरूक किया और इन समस्याओं के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 181 की जानकारी दी। उन्होंने किशोरों को बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, नशा और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार ने लिंग आधारित भेदभाव, लैंगिक हिंसा और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों को रोकने के लिए किशोरियों को आधुनिक शिक्षा और कौशल से जोड़ने की बात कही। वहीं, प्रखंड समन्वयक सत्य प्रकाश ने बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने और पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विकास मित्र परमानंद मांझी, आरती, सुरेंद्र कुमार मांझी, शैला देवी और सविता कुमारी समेत अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यशाला में बच्चों और किशोर-किशोरियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न कौशल प्रशिक्षण से लाभान्वित हुए।