"आओ-आओ नाटक सीखें" अभियान के तहत विद्यालय में सजी नाट्य कार्यशाला
- Post By Admin on Jul 07 2026
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जनहित प्रतिष्ठान की ओर से गुरु-शिष्य परंपरा के तहत मंगलवार को राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कन्हौली डीह में "आओ-आओ नाटक सीखें" अभियान के अंतर्गत नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालय के बच्चों को अभिनय, रंगमंच और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुनयना कुमारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद प्रतिष्ठान के कलाकारों ने बच्चों को नाटक की बारीकियों से परिचित कराया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया। कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षक सुनील कुमार एवं अरुण कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को परिचय और आत्मविश्वास निर्माण, समूह में घुलना-मिलना, झिझक दूर करना, मंच पर प्रभावशाली उपस्थिति, स्वर एवं वाणी प्रशिक्षण, संवाद अदायगी की तकनीक, अभिनय, भाव-भंगिमा, इम्प्रोवाइजेशन (तत्काल अभिनय), रचनात्मक खेल, शरीर की भाषा, संवाद कला तथा मंच प्रस्तुति से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया। प्रधानाध्यापिका सुनयना कुमारी ने कहा कि नाट्य कार्यशाला बच्चों के व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम है। इससे मंच पर बोलने का डर समाप्त होता है, आत्मविश्वास बढ़ता है, स्पष्ट एवं प्रभावी संवाद कौशल विकसित होता है तथा नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है।
प्रशिक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि नाट्य कार्यशाला केवल अभिनय सिखाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह एक ऐसा प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसमें प्रतिभागियों को रंगमंच, अभिव्यक्ति, रचनात्मक सोच और व्यक्तित्व विकास का समग्र व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर वक्ता, संवेदनशील कलाकार और आत्मविश्वासी व्यक्तित्व बनने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।