लखीसराय में महिला फुटबॉल का जलवा : मुजफ्फरपुर, लखीसराय और कैमूर ने दर्ज की जीत
- Post By Admin on Apr 05 2026
लखीसराय : के के.आर.के. मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता–2026 के पांचवें दिन शनिवार को कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। विभिन्न जिलों की टीमों ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुजफ्फरपुर की टीम ने अरवल को 4-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। मैच के पहले हाफ में जर्सी नंबर 09 की खिलाड़ी नायरा ने 24वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद नायरा ने 41वें मिनट में दूसरा गोल दागा। इसके बाद 45वें मिनट में निक्की कुमारी ने तीसरा गोल किया, जबकि 56वें मिनट में नायरा ने अपना तीसरा और टीम का चौथा गोल कर जीत पक्की कर दी। शानदार प्रदर्शन के लिए नायरा को “मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी” का पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रजनीश रंजन मौजूद थे।
दूसरे मुकाबले में लखीसराय और शिवहर के बीच खेले गए लीग मैच में लखीसराय की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए शिवहर को 4-0 से पराजित कर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन दूसरे हाफ में गीतांजलि कुमारी ने 36वें, 45वें और 53वें मिनट में तीन गोल कर हैट्रिक बनाई। वहीं सुषमा कुमारी ने 40वें मिनट में एक गोल कर टीम की जीत को और मजबूत किया। इस मुकाबले में गीतांजलि कुमारी को “मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी” घोषित किया गया। मैच का उद्घाटन डॉ. नवाब इकबाल अख्तर, कामेश्वर मंडल और दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
तीसरे मुकाबले में कैमूर की टीम ने बक्सर को एकतरफा मुकाबले में 8-0 से हराकर अगले चरण में प्रवेश कर लिया। मैच की शुरुआत से ही कैमूर की टीम का दबदबा देखने को मिला। नीतू कुमारी, मनीषा कुमारी, सुनैना कुमारी, गुड़िया कुमारी, मीठी कुमारी और प्रियंका कुमारी ने गोल कर टीम को बड़ी जीत दिलाई।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में मुख्य निर्णायक और सहायक निर्णायकों की अहम भूमिका रही। वहीं पूर्णेन्दु शेखर, मनोज मेहता और सुशांत कुमार ने उद्घोषक के रूप में मैचों का रोचक वर्णन किया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष दीपक सिंह और सचिव बबलू शर्मा सहित अन्य सदस्यों के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल संचालन किया जा रहा है।