अंतरराष्ट्रीय खो-खो दिवस पर सूरजगढ़ा का दबदबा, मुस्तफापुर को हराकर जीता फ्रेंडशिप मैच
- Post By Admin on Jul 01 2026
लखीसराय : अंतरराष्ट्रीय खो-खो दिवस के अवसर पर लखीसराय खो-खो संघ के तत्वावधान में +2 पब्लिक हाई स्कूल मैदान में फ्रेंडशिप खो-खो मैच का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सूरजगढ़ा और मुस्तफापुर की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए, जिसमें लड़कों और लड़कियों दोनों वर्गों में सूरजगढ़ा की टीम विजेता रही।
लड़कियों के मुकाबले में मुस्तफापुर की कप्तान रूही कुमारी ने टॉस जीतकर पहले डिफेंस का फैसला किया। मुस्तफापुर की टीम ने छह अंक बनाए, जबकि सूरजगढ़ा की कप्तान स्वाति कुमारी के नेतृत्व में टीम ने निर्धारित समय में सात अंक हासिल कर एक अंक से मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं लड़कों के वर्ग में सूरजगढ़ा के कप्तान अंकित कुमार के नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुस्तफापुर को 2-0 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद सह अधिवक्ता अमृत भाई पटेल तथा नया डीपीएस के निदेशक ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला खो-खो संघ के कोषाध्यक्ष अभिषेक आनंद भी मौजूद रहे। जिला खो-खो संघ के सचिव अमित सिंह राजपूत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खो-खो दिवस का उद्देश्य पारंपरिक भारतीय खेलों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि खो-खो को हर स्कूल, गली और मोहल्ले तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी इस पारंपरिक खेल से जुड़े और इसकी समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाए। प्रतियोगिता का संचालन नीरज सिंह क्षत्रिय और धीरज कुमार ने रेफरी के रूप में किया। खिलाड़ियों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन और खेल भावना की उपस्थित लोगों ने सराहना की।