राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का आगाज, समस्तीपुर ने दर्ज की शानदार जीत

  • Post By Admin on Apr 01 2026
राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का आगाज, समस्तीपुर ने दर्ज की शानदार जीत

लखीसराय : केआरके मैदान लखीसराय में मंगलवार को सीनियर राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 31 मार्च से 14 अप्रैल तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर सूर्यगढ़ा के विधायक रामानंद मंडल, जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, 20 सूत्री उपाध्यक्ष दीपक कुमार, नोनगढ़ पंचायत की मुखिया जूली देवी, राज्य सचिव इम्तियाज अहमद, जिला फुटबॉल एसोसिएशन की सचिव सविता कुमारी, अध्यक्ष अभिषेक पटेल, जिला खेल पदाधिकारी मृणाल रंजन तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम और राष्ट्रगान के साथ हुई, जिससे पूरे मैदान में देशभक्ति का माहौल बन गया। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है। उन्होंने महिला खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और खेल के क्षेत्र में उनका योगदान प्रेरणादायक है।

जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने खिलाड़ियों को खेल भावना और निष्पक्षता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और जिले की पहचान को राज्य स्तर पर मजबूत बनाते हैं।

उद्घाटन समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए और अतिथियों ने फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।

पहले मुकाबले में समस्तीपुर की जीत

चैंपियनशिप के पहले मुकाबले में समस्तीपुर की टीम ने औरंगाबाद को 2-1 से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया। मैच के पहले हाफ में औरंगाबाद की खिलाड़ी नाजुक (जर्सी नंबर 7) ने 25वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि दूसरे हाफ में समस्तीपुर की टीम ने शानदार वापसी की। समस्तीपुर की खिलाड़ी खुशी (जर्सी नंबर 10) ने 39वें मिनट में और शालू (जर्सी नंबर 4) ने 59वें मिनट में गोल कर टीम को 2-1 से जीत दिलाई।

मैच के मुख्य रेफरी रोशन गुप्ता थे, जबकि सहायक रेफरी के रूप में रामरक्षा कुमार, दीपक कुमार और रजी अमर ने अपनी भूमिका निभाई। कॉमेंट्री पूर्णेन्दु शेखर, मनोज मेहता और कंचन केसरी ने की। शानदार प्रदर्शन के लिए समस्तीपुर की खिलाड़ी शालू को बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार दिया गया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंह, सचिव बबलू शर्मा, महिला फुटबॉल एसोसिएशन की अध्यक्ष जूली यादव, सचिव सविता शर्मा, कोषाध्यक्ष शाहनवाज आलम, संजय कुमार, आयोजन समिति के सचिव केदार यादव और वरिष्ठ खिलाड़ी नवल मंडल सहित कई लोगों की भूमिका सराहनीय रही। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने बुजुर्ग खिलाड़ियों को मोमेंटो और शाल देकर सम्मानित भी किया।