लखीसराय : राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आगाज़, 27 टीमों ने दिखाया दमखम
- Post By Admin on Nov 19 2025
लखीसराय : लखीसराय के के.आर.के. मैदान में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग की राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ उत्साह एवं जोशपूर्ण वातावरण में किया गया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में कुल 27 टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा गुब्बारे उड़ाकर किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार ने खिलाड़ियों को सकारात्मक ऊर्जा, फिटनेस और समर्पण के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि खेल मानसिक और शारीरिक विकास, दोनों का महत्वपूर्ण माध्यम है।
जिला खेल पदाधिकारी श्री रवि कुमार ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक का पौधा भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों की टोलियों का निरीक्षण किया और उन्हें अनुशासन एवं निष्ठा के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा खिलाड़ियों के मार्च-पास्ट से मैदान का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
प्रतियोगिता के संचालन हेतु खेल विभाग, बिहार द्वारा भेजे गए 21 तकनीकी पदाधिकारियों की टीम तैनात रही। खिलाड़ियों के भोजन व आवास की व्यवस्था नगर भवन, लखीसराय में की गई। प्रतियोगिता की सुरक्षा व सुचारु संचालन के लिए दंडाधिकारी, अग्निशमन दल एवं मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति की गई।
पहले दिन के खेल परिणाम
अंडर-14 वर्ग:
-
तिरहुत बनाम पटना: तिरहुत ने 29–27 से जीत दर्ज की।
-
मुंगेर बनाम दरभंगा: मुंगेर ने शानदार प्रदर्शन कर 40–15 से विजय प्राप्त की।
अंडर-17 वर्ग:
-
पटना बनाम तिरहुत: पटना ने 25–18 से जीत हासिल की।
-
मुंगेर बनाम दरभंगा: दोनों टीमों ने 25–25 अंक प्राप्त किए, मैच टाई घोषित।
अंडर-19 वर्ग:
-
तिरहुत बनाम मगध: तिरहुत ने 45–15 से मुकाबला जीता।
-
मुंगेर बनाम दरभंगा: मुंगेर ने 25–22 से जीत दर्ज की।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों की टीमें अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी और फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। लखीसराय जिले में खेल भावना और युवा प्रतिभा का यह संगम अत्यंत उत्साहजनक रहा।