मुजफ्फरपुर की बेटी ने रूस में रचा इतिहास, कराटे वर्ल्ड कप में जीता मेडल
- Post By Admin on Apr 09 2025

मुजफ्फरपुर: जिले की बेटी अनुष्का ने रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित कराटे वर्ल्ड कप-2025 में भारत का नाम रोशन किया है। 4 से 8 अप्रैल तक विमपेल स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में 13 वर्षीय अनुष्का अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता। अनुष्का ने ताजिकिस्तान, उज़्बेकिस्तान और क्वार्टरफाइनल में अर्मेनिया को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। सेमीफाइनल में मॉरीशस को हराकर वह फाइनल तक पहुंची, जहां उनका मुकाबला रूसी खिलाड़ी से हुआ। हालांकि वह फाइनल में 3 प्वाइंट से चूक गईं और सिल्वर मेडल से संतुष्ट रहीं। यह अनुष्का के लिए गर्व की बात है कि बिहार के एक छोटे से शहर से निकलकर उन्होंने दूसरी बार भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
अनुष्का के मुख्य कोच शिहान ई. राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि अनुष्का की यह जीत ऐतिहासिक है और उन्होंने पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। अनुष्का ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच शिहान ई. राहुल श्रीवास्तव को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और प्रोत्साहन किया। शिहान ने पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश को कई पदक दिलाए हैं। इस बार अनुष्का के शानदार प्रदर्शन से सभी को गर्व महसूस हो रहा है। इसके अलावा, भारतीय टीम के मुख्य कोच शिहान ई. राहुल श्रीवास्तव को वर्ल्ड फेडरेशन के वाइस प्रेसिडेंट नारेक मनुक्यान द्वारा बेस्ट कोच अवार्ड से भी सम्मानित किया गया।