केआरके मैदान में फुटबॉल का रोमांच, बेगूसराय ने 7 गोल दागकर दर्ज की बड़ी जीत

  • Post By Admin on Apr 03 2026
केआरके मैदान में फुटबॉल का रोमांच, बेगूसराय ने 7 गोल दागकर दर्ज की बड़ी जीत

लखीसराय : केआरके मैदान, लखीसराय में आयोजित राज्यस्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 के तीसरे दिन गुरुवार को कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। विभिन्न जिलों की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

दिन के पहले मुकाबले में मुजफ्फरपुर और गया के बीच खेले गए मैच में मुजफ्फरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया। मैच के पहले हाफ के 16वें मिनट में अंजली कुमारी ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि 23वें मिनट में शिवानी कुमारी ने दूसरा गोल कर टीम की स्थिति मजबूत कर दी। पूरे मुकाबले में मुजफ्फरपुर की टीम का दबदबा कायम रहा। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अंजली कुमारी को “वूमेन ऑफ द मैच” घोषित किया गया।

प्री-क्वार्टर फाइनल के मुकाबले में दरभंगा और समस्तीपुर के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं, जिसके बाद मैच का फैसला टाई-ब्रेकर के जरिए हुआ। टाई-ब्रेकर में दरभंगा ने 3-0 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए दरभंगा की गोलकीपर श्रुति कुमारी को “वूमेन ऑफ द मैच” का पुरस्कार दिया गया।

दिन के तीसरे मुकाबले में बेगूसराय और कटिहार के बीच खेले गए मैच में बेगूसराय की टीम का एकतरफा दबदबा देखने को मिला। मैच के तीसरे मिनट में मिले पेनल्टी को कौशिकी कुमारी ने गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद कौशिकी कुमारी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई। वहीं गोल्डी कुमारी, सुरुचि कुमारी और अंजली ने भी गोल दागे, जिसके दम पर बेगूसराय ने 7-0 से बड़ी जीत दर्ज की। हैट्रिक लगाने वाली कौशिकी कुमारी को “वूमेन ऑफ द मैच” चुना गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पदाधिकारी लखीसराय मिथिलेश मिश्र, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी मृणाल रंजन, डॉ. पंकज कुमार तथा पूर्व अधिकारी विद्यानंद कुमार उपस्थित रहे। मैच के संचालन में मुख्य रेफरी रौशन गुप्ता, सहायक रेफरी हरेंद्र कुमार, हर्षित और उपेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंह, सचिव बबलू शर्मा सहित अन्य सदस्यों के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल संचालन किया जा रहा है।