जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता 2 सितंबर से शुरू
- Post By Admin on Aug 28 2024

लखीसराय: जिले में 2 सितंबर से 7 सितंबर तक जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला खेल विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार प्रतियोगिता में कुल 15 खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, ताइक्वांडो, क्रिकेट, कराटे, बुशू, कुश्ती, भारत्तोलन, बैडमिंटन, शतरंज, बास्केटबॉल, खो-खो और बॉक्सिंग प्रमुख हैं।
जिला खेल पदाधिकारी मिर्णाल रंजन ने बताया कि जिलाधिकारी रजनीकांत द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इसके लिए शिक्षा विभाग सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन गांधी मैदान, खेल भवन और कोर्ट कैंपस के पास स्थित इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह 2 सितंबर को सुबह 10 बजे गांधी मैदान में होगा, जिसमें विशिष्ट अतिथि के साथ जिला प्रशासन के सभी अधिकारी भाग लेंगे।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 32 शारीरिक शिक्षकों की सहायता ली जाएगी।
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मिलेगा मौका
जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि 6वीं से 12वीं कक्षा तक के केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों को छोड़कर जिले के सभी स्कूल और कॉलेज के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। इस जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। खिलाड़ियों की आयु की गणना 31 दिसंबर 2024 के आधार पर की जाएगी।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में लखीसराय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा, जबकि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने का मौका प्राप्त होगा।