लखीसराय में 6वीं जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
- Post By Admin on May 18 2026
लखीसराय : खेल भवन, लखीसराय में आयोजित 6वीं जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप का भव्य और सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के करीब 110 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दर्शकों में उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में एडीएम उपस्थित रहे, जबकि कुमार प्रोग्रेसिव स्कूल की अध्यक्षा सबिता कुमारी एवं जिला खेल पदाधिकारी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। प्रतियोगिता का उद्घाटन लखीसराय ताइक्वांडो संघ के सचिव बादल गुप्ता एवं अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस चैंपियनशिप में कुमार प्रोग्रेसिव स्कूल के 35 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कई खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने साहस, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धीरज कुमार, अमन कुमार, राहुल कुमार, मनीत कुमार एवं दीपक कुमार ने निष्पक्ष निर्णायक की भूमिका निभाते हुए सभी मुकाबलों का संचालन किया। समापन समारोह में कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजकों ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में लखीसराय जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में सब जूनियर बॉयज़ एवं गर्ल्स वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। ईशान कश्यप, कुंज कुमार, आरव राज, रेयांश यादव, कार्तिक कुमार, अमन कुमार, दिव्यांशु कुमार, आराध्या राज, श्रेया सिन्हा, समृद्धि अग्निहोत्री और आरोही कुमारी सहित कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं, बल्कि जिले में ताइक्वांडो खेल को नई पहचान और नई दिशा भी प्रदान करती हैं।