वट सावित्री व्रत को लेकर सुहागिनों ने की पूजा
- Post By Admin on Jun 06 2024
 
                    
                    लखीसराय : सुख-समृद्धि एवं पति के दीर्घायु जीवन की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने गुरूवार को वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की। जिला मुख्यालय सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में वट सावित्री पूजा के मौके पर सुहागिन महिलाओं ने परंपरा के अनुसार पीपल एवं बरगद पेड़ की पूजा की।
सुबह से महिलाओं की भीड़ लगी रही। नए वस्त्र धारण कर संपूर्ण श्रृंगार कर महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा कर अपने पति की लंबी उम्र की कामना की। महिलाओं ने वट वृक्ष में लाल धागा बांधकर फेरे लगाए। इसके बाद महिलाओं ने वट वृक्ष के नीचे बैठकर ब्रह्मा जी, सत्यवान और सावित्री की विधि विधान के साथ कथा श्रवण किया। महिलाओं ने पूजा के दौरान चूड़ी, सिन्दूर, काजल, मेहंदी, वस्त्र, दर्पण आदि श्रृंगार का सामान चढ़ाया। पूजा के बाद महिलाओं को पंडितों ने वट सावित्री व्रत की कथा सुनाई।
मान्यता के अनुसार वट वृक्ष के जड़ में ब्रह्माजी, तने में भगवान विष्णु एवं डालियों व पतियों में भगवान शंकर का निवास रहता है। साथ ही मां सावित्री भी वट वृक्ष में निवास करती है। इसलिए वट सावित्री व्रत करने से सौभाग्य, आयु एवं लक्ष्मी की वृद्धि होती है।