70 से 75 हजार शिव भक्तों ने किया अशोक धाम में जलाभिषेक

  • Post By Admin on Jul 22 2024
70 से 75 हजार शिव भक्तों ने किया अशोक धाम में जलाभिषेक

लखीसराय : सावन के पहले दिन, सुप्रसिद्ध अशोक धाम स्थित श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए 70 से 75 हजार श्रद्धालु भक्तजन उमड़ पड़े। अहले सुबह से ही कांवरिया और भक्तजन लंबी कतारों में दिखाई दिए। मंदिर परिसर "बोल बम" और "हर हर महादेव" के जयकारों से गूंज उठा था।

ट्रस्ट के सचिव डॉ. अमित कुमार के अनुसार, इस वर्ष भी लगभग 5 हजार कांवरिया बड़हिया और सिमरिया गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच जिलाधिकारी रजनीकांत, एसपी पंकज कुमार, और एसडीओ चंदन कुमार ने पूजा अर्चना कर स्थिति का जायजा लिया। श्रावणी मेला के दौरान 200 पुलिस बल और 50 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, वहीं गर्भ गृह में महिला पुलिस भी शिफ्ट के अनुसार तैनात रहीं। सिविल सर्जन वीपी सिन्हा स्वयं चिकित्सा दल की निगरानी करते दिखे।

श्रद्धालुओं का कहना है कि सावन के महीने में भगवान शिव पर जलार्पण की परंपरा बहुत पुरानी है। खासकर, सोमवार के दिन जलाभिषेक करना शुभ और फलदाई माना जाता है। प्रथम सोमवारी को मंदिर के गर्भ गृह में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा अशोकधाम मंदिर शिवमय हो गया था। अहले सुबह मंदिर का पट खुलते ही कांवरियों की लंबी कतार लग गई और पूरा मंदिर परिसर केसरिया रंग में रंग गया। महिला, पुरुष और बच्चे सभी जलाभिषेक के लिए उत्सुक और तत्पर दिखाई दिए।

जिला प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए कड़े इंतजाम किए। लगभग 25 से 30 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही थी और कंट्रोल रूम में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। संध्या समय में अयोध्या के मनीषी महाराज के सानिध्य में शिव पुराण कथा का आयोजन किया गया। मंदिर ट्रस्ट के राजेंद्र सिंघानिया, डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा, प्रोफेसर मनोरंजन कुमार, और पुजारी नीरज पांडे का पूर्ण सहयोग देखा गया।