भाजपा विधायक दल ने सम्राट चौधरी को फिर सौंपी कमान, विजय सिन्हा बने उप नेता
- Post By Admin on Nov 19 2025
पटना : बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद सरकार गठन की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में नवनिर्वाचित विधायकों की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। उप नेता के रूप में विजय कुमार सिन्हा के नाम पर भी मुहर लगी, जिससे पार्टी ने अपने नेतृत्व ढांचे को एक बार फिर कायम रखा है।
बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मौजूद रहे। बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि सभी विधायकों ने सम्राट चौधरी पर पूर्ण विश्वास जताते हुए उन्हें नेता चुना है, जबकि उप नेता पद के लिए विजय सिन्हा का नाम भी सर्वसम्मति से तय किया गया।
सांझ के समय एनडीए विधायक दल की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें नीतीश कुमार को गठबंधन का नेता चुने जाने की पूरी संभावना है। गुरुवार को गांधी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह निर्धारित है, जिसके लिए मैदान में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं मंगलवार शाम समारोह की तैयारियों का निरीक्षण कर चुके हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने कुल 202 सीटों पर जीत हासिल की है—जिसमें भाजपा 89, जदयू 85, लोक जनशक्ति (आर) 19, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 4 सीटों के साथ शामिल हैं। नए शासन की औपचारिक शुरुआत से पहले पटना में राजनीतिक गतिविधियों की रफ़्तार तेज हो गई है।