न्याय के साथ विकास कर रहे हैं नीतीश कुमार : ललन सिंह
- Post By Admin on Feb 11 2024
लखीसराय : मुंगेर क्षेत्रीय सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह रविवार को एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर के नगर भवन में आयोजित रविदास मिलन समारोह में भाग लिया। जहां पहुंचते ही सबसे पहले ललन सिंह का कार्यकर्ताओं ने फूल-माला से जोरदार स्वागत किया। मौके पर काफी संख्या में रविदास समुदाय के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में रविदास समुदाय के लिए किए गए कार्यों को गिनाया साथ ही सरकार की उपलब्धियां भी गिनाया। उन्होंने कहा कि 18 साल से लगातार नीतीश कुमार जी सूबे में न्याय के साथ विकास करने का काम कर रहे है। पहले बिजली की समुचित व्यवस्था तक नहीं थी, लेकिन अब हर घर में बिजली है और 22 घंटे तक उपलब्ध हो रही है। कोई सपने में भी नहीं सोचता था कि कभी बिहार की सड़कें भी चकाचक हो सकेगी, मगर आज बिहार में सड़कें इतनी बन चुकी है कि गाडियां फर्राटे भर रही हैं। कहीं भी घंटे दो-घंटे में आसानी से आ-जा रहे हैं। 2005 में सरकार बनते ही उन्होंने न्याय के साथ विकास का जो वादा किया था, आज भी उसे पूरा करने में जुटे है। समाज के हर तबके के लोगों के साथ उन्होंने न्याय के साथ विकास करने का काम किया है।
वहीं, फ्लोर टेस्ट के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये दुष्प्रचार है। बिहार में कोई खेला नहीं है। यहां एक ही खेला है कि नीतीश कुमार की सरकार है। कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष के अलावा नप सभापति अरविंद पासवान, जदयू नेता सुजीत कुमार सहित काफी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहें।