लखीसराय : कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने मनाया 139वां स्थापना दिवस

  • Post By Admin on Dec 28 2023
लखीसराय : कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने मनाया 139वां स्थापना दिवस

लखीसराय: गुरूवार को शहर के पुरानी बाजार चितरंजन रोड में अवस्थित केएसएस कॉलेज परिसर स्थित कांग्रेस कार्यालय में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 139 वां स्थापना दिवस मनाया गया। जहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश ने स्थापना दिवस के बहाने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सर्वप्रथम कांग्रेस का ध्वज फहरा कर झंडे को सलामी दी गई और फिर वंदे मातरम गीत का सामूहिक गान किया गया। तत्पश्चात स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रणी भूमिका में सक्रिय रहने वाले कांग्रेस नेता महात्मा गांधी, पं. जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, सरदार वल्लभ भाई पटेल, दादा भाई नौरोजी, सरदार भगत सिंह, अबुल कलाम आजाद, डॉ. भीमराव अंबेडकर, सुभाषचंद्र बोस की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक जन आंदोलन है। हमारे साथ समय का उतार चढ़ाव होता रहता है और हमने हमेशा इस उतार चढ़ाव से पार पाया है। कांग्रेस पार्टी के बारे में पूरी दुनिया जानती है कि भारत को आजाद करने में सबसे बड़ी भूमिका कांग्रेस की रही है। मैं उन वीरों को नमन करता हूं, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में योगदान दिया। सच तो यह है की आजादी महात्मा गांधी के बताए रास्ते से मिली। महात्मा गांधी व कांग्रेस का रास्ता एक ही है। उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन कांग्रेस वैसे ही देश में टिकी हुई है, जैसे हिमालय हमारी सीमाओं की रक्षा करता है। कांग्रेस देश में लोकतंत्र की रक्षा कर रही है।