24 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव का एलान, कई दिग्गज नेताओं का कार्यकाल खत्म

  • Post By Admin on May 22 2026
24 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव का एलान, कई दिग्गज नेताओं का कार्यकाल खत्म

नई दिल्ली : चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 रिक्त सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान कराया जाएगा। संबंधित राज्यों में चुनाव प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी।

चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक 1 जून को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, जबकि उम्मीदवार 11 जून तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। आयोग ने बताया कि यह चुनाव 10 राज्यों की 24 सीटों पर होंगे। इन सीटों पर वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तिथियों में समाप्त हो रहा है। आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। झारखंड में दो सीटों पर चुनाव होंगे, जबकि मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट के लिए मतदान होगा।

राज्यसभा के जिन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन और रवनीत सिंह बिट्टू शामिल हैं। चुनाव आयोग के इस ऐलान के बाद संबंधित राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। विभिन्न दलों ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन शुरू कर दिया है।