दिग्विजय सिंह द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर दिए बयान से कांग्रेस ने झाड़ा पल्ला

  • Post By Admin on Jan 24 2023
दिग्विजय सिंह द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर दिए बयान से कांग्रेस ने झाड़ा पल्ला

नई दिल्ली : कांग्रेस पार्टी ने अपने दिग्गज नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के उस बयान से किनारा कर लिया है, जिसमें उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर सवाल उठाये थे। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह के सवाल पूछा गया तो इतना ही बोल पाए कि वे भारतीय सेना का सम्मान करते हैं। इसी बीच पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि सिंह के बयान पर वे सोमवार को ट्वीट कर सफाई दे चुके हैं। महासचिव जयराम रमेश ने वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को पीछे करते हुए कहा कि सिंह के बयान पर वे सोमवार को ट्वीट कर सफाई दे चुके हैं। ऐसे में इस मुद्दे पर दिग्विजय सिंह से सवाल न पूछा जाए।

दरअसल दिग्विजय सिंह ने जम्मू-कश्मीर में एक सभा के दौरान सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल खड़े किए थे, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस को देश की सेना पर भरोसा नहीं हैं। कांग्रेस अक्सर सेना के शौर्य पर सवाल उठाती है। विवाद को बढ़ता देखकर जयराम रमेश ने एक दिन पूर्व ट्वीट कर दिग्विजय सिंह के बयान से पार्टी को अलग कर लिया था। रमेश ने अपने ट्वीट में कहा था कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सेना को लेकर जो विचार व्यक्त किए हैं, वह उनके निजी विचार हैं। उन्होंने सेना को लेकर जो कहा, वह पार्टी का आधिकारिक बयान नहीं है। रमेश ने कहा कि 2014 से पहले संप्रग सरकार ने भी सर्जिकल स्ट्राइक की थी। राष्ट्रहित में सभी सैन्य कार्रवाइयों का कांग्रेस ने समर्थन किया है और आगे भी समर्थन करेगी।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा था कि सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में वे लोग बहुत बात करते हैं कि हमने इतने लोगों को मार गिराया, लेकिन इसका कोई प्रमाण नहीं है।