भाजपा का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, चार राज्यों को मिले नए अध्यक्ष
- Post By Admin on May 28 2026
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए चार राज्यों के नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा की कमान सौंपी है, जबकि डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा सरदार केवल सिंह ढिल्लो को पंजाब और अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मंजूरी दी है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष पद पर हर्ष मल्होत्रा ने वीरेंद्र सचदेवा की जगह ली है। हर्ष मल्होत्रा भाजपा के वरिष्ठ नेता और दिल्ली से सांसद हैं। वह केंद्र सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। संगठनात्मक राजनीति में लंबे समय से सक्रिय मल्होत्रा दिल्ली भाजपा में कई अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं। उन्हें जनसंपर्क और संगठन क्षमता के लिए जाना जाता है।
हरियाणा भाजपा की नई अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता पार्टी की सक्रिय नेता और पेशे से चिकित्सक हैं। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उन्होंने महिला नेतृत्व को मजबूत करने और संगठन विस्तार में अहम भूमिका निभाई है। पार्टी नेतृत्व को उनसे हरियाणा में संगठन को और मजबूत करने की उम्मीद है।
वहीं पंजाब भाजपा की कमान सरदार केवल सिंह ढिल्लो को ऐसे समय में सौंपी गई है, जब राज्य में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। केवल सिंह ढिल्लो बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने वाले नेता के रूप में उनकी पहचान रही है। उन्होंने 2022 के संगरूर लोकसभा उपचुनाव और 2024 के बरनाला विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव भी लड़ा था।
त्रिपुरा भाजपा के नए अध्यक्ष बनाए गए अभिषेक देबरॉय लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं। उन्होंने पार्टी के विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भाजपा नेतृत्व को उनसे राज्य में संगठन विस्तार और जनाधार मजबूत करने की उम्मीद है।