नागपुरी फिल्म जनी शिकार का मुहूर्त संपन्न, आदिवासी समाज पर आधारित होगी कहानी
- Post By Admin on Dec 12 2024

रांची : जिले के करमटोली चौक स्थित प्रेस क्लब में बुधवार को नागपुरी फिल्म जनी शिकार का भव्य मुहूर्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह फिल्म एके सिने हाउस के बैनर तले और निर्देशक आदित्य कुमार के निर्देशन में बनाई जा रही है। इस अवसर पर फिल्म से जुड़े सभी मुख्य कलाकार और तकनीशियन उपस्थित थे।
निर्देशक आदित्य कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जनी शिकार आदिवासी समाज के इतिहास, शोषण और उत्थान पर आधारित एक विशेष फिल्म है। उन्होंने कहा, "यह फिल्म न केवल आदिवासी संस्कृति को उजागर करेगी बल्कि इसमें नारी शक्ति को भी प्राथमिकता दी गई है। यह झारखंड के फिल्म उद्योग में एक मील का पत्थर साबित होगी।"
फिल्म के निर्माता और निर्देशक ने यह भी बताया कि फिल्म की कहानी सच्ची ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित है जो इसे और भी रोचक बनाती है। फिल्म को नागपुरी के अलावा अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में भी बनाने की संभावना है।
फिल्म की शूटिंग दिसंबर 2024 से शुरू होगी और फरवरी 2025 तक पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद इसे अप्रैल 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाएगा।
कार्यक्रम में झारखंड फिल्म उद्योग से जुड़े कई दिग्गज शामिल हुए। इनमें झारखंड का छैला फिल्म के निर्माता-निर्देशक अनिल सिकदर, एक्शन निर्देशक मास्टर मोहम्मद शहाबुद्दीन और जॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियां वर्षा लकड़ा और चांदनी बड़ाईक के साथ रोहित, सुमित और अनूप टोपनो जैसे कलाकार मुख्य रूप से मौजूद थे।