बॉलीवुड कलाकारों के अपहरण का मास्टरमाइंड लवी पाल गिरफ्तार, शक्ति कपूर थे अगला निशाना

  • Post By Admin on Dec 16 2024
बॉलीवुड कलाकारों के अपहरण का मास्टरमाइंड लवी पाल गिरफ्तार, शक्ति कपूर थे अगला निशाना

बिजनौर : उत्तर प्रदेश के बिजनौर पुलिस ने बॉलीवुड के छोटे-बड़े कलाकारों को निशाना बनाने वाले अपहरण गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि छह अन्य अभी फरार हैं। मास्टरमाइंड लवी पाल और उसकी गैंग ने अभिनेता मुश्ताक खान, सुनील पाल समेत कई कलाकारों का अपहरण कर फिरौती वसूलने की बात कबूली है। गैंग का अगला टारगेट अभिनेता शक्ति कपूर थे।

कैसे काम करता था गैंग?

गिरोह के मास्टरमाइंड लवी पाल ने अपने बचपन के दोस्तों और अन्य लोगों को जोड़कर एक संगठित गिरोह बनाया। ये गैंग बॉलीवुड कलाकारों के साथ दोस्ती करता और उन्हें फर्जी इवेंट में शामिल होने के लिए यूपी बुलाता था। जैसे ही कलाकार बताए गए स्थान पर पहुंचते थे उन्हें अगवा कर लिया जाता और फिर दो से पांच लाख रुपये की फिरौती वसूली जाती।

गिरोह ने अब तक अभिनेता अरुण बख्शी, राजेश पुरी, मुश्ताक खान और सुनील पाल को निशाना बनाया है। पुलिस के मुताबिक, गैंग ने शक्ति कपूर को भी फर्जी इवेंट के बहाने बुलाने की योजना बनाई थी, लेकिन एडवांस फीस ज्यादा होने के कारण योजना अधूरी रह गई। 

गिरफ्तारी और मास्टरमाइंड का खुलासा

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी लवी पाल ने बताया कि वह अपना नाम ‘राहुल सैनी’, ‘सुशांत’ और ‘हिमांशु’ जैसे नामों का इस्तेमाल कर बॉलीवुड कलाकारों से संपर्क करता था। गिरोह के सदस्य कलाकारों को दिल्ली एयरपोर्ट बुलाते थे। वहां से उन्हें रिसीव कर अपहरण करते और फिरौती की रकम वसूलने के बाद उन्हें छोड़ देते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में शशांक, अजीम और अन्य सदस्य शामिल हैं। शशांक गिरोह के लिए टिकट बुकिंग करता था और खुद को पुलिसकर्मी बताकर गिरोह के अन्य सदस्यों को गुमराह करता था।

कम जोखिम, ज्यादा मुनाफा

गिरोह के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि बॉलीवुड कलाकारों को निशाना बनाना उनके लिए आसान था। वे मानते थे कि कलाकार बदनामी के डर से पुलिस में शिकायत नहीं करेंगे। यही कारण है कि गैंग ने अपना पूरा फोकस बॉलीवुड पर रखा।

पुलिस की कार्रवाई

मेरठ और बिजनौर पुलिस ने मिलकर इस गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने गिरोह के अन्य फरार सदस्यों को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है।