लखीसराय में युवाओं के लिए खुला रोजगार का पिटारा, 20 कंपनियों में 660 अभ्यर्थियों का चयन
- Post By Admin on Sep 03 2026
लखीसराय : बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, लखीसराय द्वारा गुरुवार, 3 सितम्बर 2026 को शहर के के. आर. के. +2 उच्च विद्यालय के मैदान में जिला स्तरीय एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का भव्य आयोजन किया गया।
दीप प्रज्वलित कर हुआ मेले का शुभारंभ
रोजगार मेले का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, भागलपुर प्रमंडल के उपनिदेशक (नियोजन) श्री शंभू नाथ सुधाकर तथा जिला नियोजन पदाधिकारी मो. आकिफ वक्कास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला नियोजन पदाधिकारी मो. आकिफ वक्कास ने सभी मंचासीन अतिथियों को पौधे भेंट कर उनका स्वागत किया।
660 अभ्यर्थियों का प्रथम चरण में चयन
इस जिला स्तरीय मेले में निजी क्षेत्र की कुल 20 प्रतिष्ठित नियोजक (कंपनियों) ने हिस्सा लिया। मेले को लेकर स्थानीय युवाओं में भारी उत्साह देखा गया और हजारों की संख्या में अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाने पहुँचे। दिनभर चली चयन प्रक्रिया के दौरान विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 1,759 अभ्यर्थियों के बायोडाटा प्राप्त किए गए, जिनमें से 660 योग्य अभ्यर्थियों का प्रथम चरण में रोजगार हेतु प्रारंभिक चयन किया गया।
कौशल विकास और मार्गदर्शन पर जोर
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार ने उपस्थित युवाओं को रोजगार के बदलते अवसरों, कौशल विकास के महत्व और करियर निर्माण को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को एक ही मंच पर करियर के बेहतर विकल्प और रोजगार की सुविधा मिलती है।
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
रोजगार मेले के परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल भी लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वरोजगार कार्यक्रमों और कौशल विकास योजनाओं के बारे में युवाओं व आम लोगों को विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जे.एस.ए. श्री राहुल कुमार, निम्न वर्गीय लिपिक श्री मुकेश कुमार, जिला कौशल प्रबंधक श्री मनीष कुमार, मो. खुर्शीद आलम तथा जिला नियोजनालय कार्यालय के सभी कर्मी व पदाधिकारी उपस्थित रहे।