लखीसराय में रोजगार कैंप का आयोजन, 250 युवाओं को मिल सकती है नौकरी

  • Post By Admin on Jul 02 2026
लखीसराय में रोजगार कैंप का आयोजन, 250 युवाओं को मिल सकती है नौकरी

लखीसराय : जिले के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), लखीसराय परिसर में 17 जुलाई 2026 को रोजगार कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी, हंसलपुर (गुजरात) द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।

संस्थान के प्राचार्य द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, निदेशक, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग, बिहार, पटना तथा उप निदेशक प्रशिक्षण, मुंगेर के निर्देश पर यह जॉब कैंप आयोजित किया जा रहा है। कैंप का आयोजन 17 जुलाई को सुबह 11 बजे से आईटीआई, लखीसराय परिसर में होगा, जहां इच्छुक अभ्यर्थियों का सीधा साक्षात्कार (फेस-टू-फेस इंटरव्यू) लिया जाएगा। मारुति सुजुकी द्वारा कुल 250 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 28,300 रुपए सीटीसी तथा 21,200 रुपए प्रतिमाह इन-हैंड वेतन मिलेगा। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति हंसलपुर, गुजरात स्थित कंपनी के प्लांट में की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के रूप में 10वीं, 12वीं, आईटीआई अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे।

आईटीआई प्रशासन ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के योग्य युवाओं से इस रोजगार अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आईटीआई परिसर पहुंचने को कहा गया है। संस्थान का मानना है कि इस रोजगार कैंप के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।