LS कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन तेज, सद्बुद्धि यज्ञ के जरिए दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

  • Post By Admin on Mar 19 2026
LS कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन तेज, सद्बुद्धि यज्ञ के जरिए दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह महाविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन छठे दिन भी जारी रहा। छात्रावास, पुस्तकालय और प्रयोगशाला जैसी सुविधाओं को बहाल करने की मांग को लेकर छात्र लगातार कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

आंदोलन के छठे दिन छात्रों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए “सद्बुद्धि यज्ञ” का आयोजन किया। हिन्दू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन माँ शैलपुत्री की आराधना के अवसर पर आयोजित इस यज्ञ के माध्यम से छात्रों ने प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की, ताकि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जा सके।

आंदोलनरत छात्रों का कहना है कि पूर्व में भूख हड़ताल के दौरान उनकी मांगों को लिखित रूप से स्वीकार किया गया था, लेकिन अब तक छात्रावास नहीं खोला गया है और न ही अन्य आवश्यक सुविधाएं बहाल की गई हैं। इस कारण छात्रों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े कार्यकर्ता अनमोल ने कहा कि “सद्बुद्धि यज्ञ हमारे संघर्ष और आस्था दोनों का प्रतीक है। हम चाहते हैं कि प्रशासन छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय ले।”

वहीं अभाविप कार्यकर्ता सुशांत सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन और अधिक व्यापक और उग्र रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक छात्रावास सहित सभी मूलभूत सुविधाएं बहाल नहीं की जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल वर्तमान छात्रों के लिए नहीं, बल्कि आने वाले विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए भी है।

मौके पर आशुतोष, अमन, अनोलम चंद्र, अनमोल ठाकुर, राहुल, रौशन, नितिन, प्रिंस सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।