सेंट जोसेफ विद्यालय ने कायम रखी गुणवत्ता, सीबीएसई परिणाम में छात्रों का बेहतर प्रदर्शन
- Post By Admin on Apr 16 2026
मुजफ्फरपुर : जिला के पनापुर करियात (बंगरा) स्थित सेंट जोसेफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने सीबीएसई कक्षा 10वीं परीक्षा 2026 में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर क्षेत्र में अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का एक बार फिर परिचय दिया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने बेहतर अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया है।
विद्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को घोषित सीबीएसई परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों ने 97.2 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय का नाम रौशन किया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्रों ने उच्च अंक हासिल किए, जिससे विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और अनुशासन का स्तर स्पष्ट होता है।
विद्यालय के परिणाम में विशेष बात यह रही कि 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 32 छात्र शामिल हैं, जबकि 80 से 90 प्रतिशत के बीच अंक प्राप्त करने वाले 68 छात्र रहे। वहीं 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या भी काफी संतोषजनक रही, जो विद्यालय के समग्र शैक्षणिक विकास को दर्शाती है।
इस सफलता पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को बधाई दी है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि यह परिणाम छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का संदेश दिया।
विद्यालय परिवार में इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है और अभिभावकों में भी गर्व की भावना देखी जा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में सेंट जोसेफ स्कूल ने एक बार फिर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।