युवाओं की उपलब्धि पर गर्व, बिहार पुलिस में चयनित छात्रों को किया गया सम्मानित

  • Post By Admin on May 29 2026
युवाओं की उपलब्धि पर गर्व, बिहार पुलिस में चयनित छात्रों को किया गया सम्मानित

मुजफ्फरपुर :पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसपी भी कॉलेज के  समाजशास्त्र के प्रोफेसर एवं शांति सेना के जिला संयोजक प्रो. सोनू सरकार ने की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. सोनू सरकार ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “तलवारों की धारों पर इतिहास जहाँ का चलता है,जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है।” उन्होंने कहा कि जब-जब युवाओं ने सकारात्मक दिशा में कदम बढ़ाया है, तब-तब समाज और राष्ट्र ने नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। युवा शक्ति किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होती है और यदि युवाओं में अनुशासन, मेहनत, ईमानदारी एवं सेवा भावना हो तो वे समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।

प्रो. सोनू सरकार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करना आसान नहीं होता। इसके लिए कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास, मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस में चयनित विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद स्पष्ट लक्ष्य और सच्ची मेहनत से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल शक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, सेवा और जनता के विश्वास का प्रतीक होती है। इसलिए सभी चयनित विद्यार्थियों को ईमानदारी, मानवता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर वारियर डिफेंस एकेडमी द्वारा चयनित विद्यार्थियों को मेडल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में सुप्रिया कुमारी, शालिनी कुमारी, सलोनी कुमारी, नंदिनी कुमारी, सोनी कुमारी, गुड़िया कुमारी, बबीता कुमारी, नीला कुमारी, अमन कुमार, विक्की कुमार, अनिल कुमार, मंटू सिंह, गोलू कुमार, नित्यानंद, नूर आलम, अभिषेक कुमार, दिलीप कुमार, गौरव कुमार, राहुल कुमार, राजा कुमार, संदीप कुमार, रूपेश कुमार, रवि कुमार एवं राकेश कुमार शामिल रहे।

समारोह में ट्रेनर मनीष कुमार, सुशील कुमार एवं जयप्रकाश कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर चंदन कुमार ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्र सेवा के योग्य बनाना है।कार्यक्रम के अंत में राहुल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, गर्व और प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा।