रोजगारोन्मुख शिक्षा की दिशा में एलएस कॉलेज की पहल, इंटर्नशिप पर विशेष मार्गदर्शन
- Post By Admin on Jul 10 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज के आचार्य जे.बी. कृपलानी सभागार में शुक्रवार को सीबीसीएस पाठ्यक्रम के तहत स्नातक पंचम सेमेस्टर (सत्र 2023-27) के छात्र-छात्राओं के लिए इंटर्नशिप ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के महत्व, प्रक्रिया और विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि इंटर्नशिप केवल डिग्री के लिए आवश्यक क्रेडिट या औपचारिक प्रमाणपत्र प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि कक्षा में अर्जित ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव में बदलने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि कार्यस्थल का वास्तविक अनुभव रोजगार प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के अनुरूप इंटर्नशिप विद्यार्थियों में पेशेवर कौशल, अनुशासन, समस्या समाधान की क्षमता और कार्य संस्कृति को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। प्राचार्या ने इंटर्नशिप से जुड़ी एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे लोकभवन और विश्वविद्यालय द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।
इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष प्रो. टी.के. डे ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप की तकनीकी प्रक्रियाओं, परियोजना कार्य और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसे पूरा करने के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ इंटर्नशिप पूरी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में इंटर्नशिप कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ. ऋतुराज कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. शशिकांत पांडेय, डॉ. एच. फैजी, डॉ. आलोक कुमार, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. आनंद कुमार, इस्तेखार आलम, प्रकाश रंजन सहित कॉलेज के कई शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।