लंबित मांगों को लेकर एलएस कॉलेज के छात्र आंदोलन पर, प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप

  • Post By Admin on Mar 13 2026
लंबित मांगों को लेकर एलएस कॉलेज के छात्र आंदोलन पर, प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से छात्रावास, प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी उनकी मांगों पर कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

छात्रों के अनुसार वे पिछले कई महीनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि भूख हड़ताल से पहले भी कई बार कॉलेज प्रशासन को लिखित आवेदन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक किसी भी मांग को पूरा नहीं किया गया।

छात्रों का कहना है कि करीब तीन महीने पहले कॉलेज परिसर में भूख हड़ताल की गई थी। उस समय कॉलेज प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया था कि 2 जनवरी 2026 से छात्रावास में छात्रों के रहने की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी तथा अन्य मांगों पर भी जल्द कार्रवाई होगी। आरोप है कि उस समय प्रशासन ने भरोसा दिलाकर आंदोलन समाप्त करा दिया, लेकिन बाद में वादों पर अमल नहीं किया गया।

अपनी समस्याओं को लेकर छात्रों ने हाल के दिनों में भिक्षाटन अभियान भी चलाया। इसके तहत छात्रों ने शहर के विभिन्न स्थानों और मोतीझील बाजार में लोगों से प्रतीकात्मक रूप से भिक्षा मांगकर कॉलेज की स्थिति से समाज को अवगत कराया। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

छात्रों का आरोप है कि अब जब उन्होंने फिर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया है, तो कॉलेज की प्राचार्य आंदोलन को कमजोर करने और समाप्त कराने की कोशिश कर रही हैं। छात्रों ने बताया कि प्राचार्य के आश्वासन पर उन्होंने अपने किराए के कमरे भी छोड़ दिए थे, क्योंकि उन्हें कहा गया था कि 2 जनवरी 2026 से छात्रावास शुरू हो जाएगा। लेकिन छात्रावास अब तक शुरू नहीं हुआ और उनके पास रहने की कोई व्यवस्था भी नहीं बची है। इसी कारण छात्र अपना सामान लेकर आंदोलन स्थल पर ही बैठने को मजबूर हैं।

आंदोलन स्थल पर कौशल, खुशी, रानी, नीतू, रौशन, राहुल, आशुतोष, रंजन, अनिकेत, सुधांशु, शिवम, सुभाष और नवनीत सहित कई छात्र मौजूद रहे। सभी छात्रों ने मांग की कि कॉलेज प्रशासन और संबंधित विभाग जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान करे, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

यह जानकारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के मुजफ्फरपुर पूर्वी के जिला संयोजक अभिनव राज द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई।