एल. एस. कॉलेज में नए सत्र से इंडस्ट्री ओरिएंटेड लर्निंग पर जोर, प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने दिए निर्देश

  • Post By Admin on May 14 2026
एल. एस. कॉलेज में नए सत्र से इंडस्ट्री ओरिएंटेड लर्निंग पर जोर, प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने दिए निर्देश

मुजफ्फरपुर: लंगट सिंह कॉलेज में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के नए सत्र 2026-27 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय द्वारा नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को बेहतर शैक्षणिक और व्यावहारिक अनुभव देने की दिशा में नई पहल शुरू की है। नए सत्र से इंडस्ट्री ओरिएंटेड लर्निंग और प्रैक्टिकल एजुकेशन पर विशेष फोकस रहेगा।

कॉलेज की प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने सभी व्यावसायिक विभागों के समन्वयकों को निर्देश दिया है कि थ्योरी के साथ-साथ छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योग से जुड़ी शिक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे रोजगार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें। प्राचार्य ने बताया कि बीसीए, बीबीए, इंडस्ट्रियल माइक्रोबायोलॉजी, बैचलर इन मास कम्युनिकेशन और पीजी डिप्लोमा इन योगिक स्टडीज जैसे कोर्सों के प्रति छात्रों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नए सत्र में विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित न रखते हुए विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के साथ वर्कशॉप और ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों के नियमित लेक्चर आयोजित किए जाएं, ताकि छात्रों को वर्तमान समय की इंडस्ट्री की जरूरतों और बदलते ट्रेंड्स की जानकारी मिल सके। प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि बैचलर इन मास कम्युनिकेशन (बीएमसी) पाठ्यक्रम के लिए प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ सहयोग स्थापित किया जाएगा, जिससे छात्रों को न्यूज रूम और फील्ड रिपोर्टिंग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके। वहीं पीजी डिप्लोमा इन योगिक स्टडीज के समन्वयक डॉ. विजय कुमार ने कहा कि योग शिक्षा के क्षेत्र में देश और विदेश दोनों जगह करियर की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि छात्रों को भारतीय ज्ञान परंपरा और योग के वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक पहलुओं से जोड़ने के लिए नियमित विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में प्रो. शैलेंद्र सिन्हा, डॉ. रीमा कुमारी, डॉ. राजेश्वर कुमार, डॉ. आलोक कुमार और डॉ. नवीन कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने भी नए सत्र को लेकर अपने विचार साझा किए।