जीएनआईओटी में स्थापना दिवस व रजत जयंती समारोह का भव्य समापन, शिक्षा और संस्कृति का अद्भुत संगम
- Post By Admin on Feb 19 2026
ग्रेटर नोएडा: जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में स्थापना दिवस एवं रजत जयंती समारोह का आयोजन बारह से अठारह फरवरी तक श्रद्धा, गरिमा और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। पच्चीस वर्षों की सफल, संस्कारमय और उत्कृष्ट शैक्षिक यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित यह उत्सव विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों के लिए प्रेरणादायी एवं ऐतिहासिक अवसर साबित हुआ।
समारोह के अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्री सतीशाचार्य जी महाराज उपस्थित रहे। अपने आशीर्वचन में उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र सेवा का सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और समाज के प्रति समर्पित जीवन जीने का संदेश दिया तथा संस्थान को संस्कार और उत्कृष्टता का संगम बताया। समापन समारोह में केंद्रीय राज्य जल शक्ति मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश कुमार पाठक तथा केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
डॉ. राज भूषण चौधरी ने युवाओं की भूमिका को देश के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए जल संरक्षण, सतत विकास और तकनीकी नवाचार में उनकी सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा समाज को दिशा देने का कार्य करती है और जीएनआईओटी ने पच्चीस वर्षों में उत्कृष्टता के साथ अपनी पहचान स्थापित की है। अश्विनी कुमार चौबे ने भारतीय संस्कृति आधारित शिक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया, जबकि डॉ. महेश शर्मा ने संस्थान के क्षेत्रीय शैक्षिक विकास में योगदान की सराहना की। डॉ. नरेश बंसल ने अनुशासन और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया तथा सुरेश राणा ने युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। संस्थान के चेयरमैन डॉ. राजेश गुप्ता ने अपने उद्बोधन में स्थापना से अब तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए अनुसंधान, नवाचार, डिजिटल शिक्षा और उद्योग–संस्थान सहयोग को भविष्य की प्राथमिकता बताया। वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता एवं जीआईएमएस संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए समारोह में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान फैकल्टी, स्टाफ एवं विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में समूह नृत्य, समूह गीत, एकल नृत्य और एकल गायन ने समापन समारोह को यादगार बना दिया। अंत में प्रसिद्ध कलाकार लक्की जहरीला एवं राउल की लाइव प्रस्तुति ने पूरे परिसर को ऊर्जा और उल्लास से भर दिया।
रजत जयंती समारोह का यह आयोजन जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की पच्चीस वर्षों की उपलब्धियों, संस्कार और समर्पण की सशक्त गाथा का प्रतीक बनकर संपन्न हुआ। समारोह के अंत में संस्थान प्रबंधन ने इसकी सफलता का श्रेय निदेशकों, डीन, फैकल्टी, स्टाफ और विद्यार्थियों को दिया।