लंगट सिंह कॉलेज में लाइब्रेरी साइंस पाठ्यक्रम की कमान डॉ. शशिकांत पांडेय को

  • Post By Admin on Apr 04 2026
लंगट सिंह कॉलेज में लाइब्रेरी साइंस पाठ्यक्रम की कमान डॉ. शशिकांत पांडेय को

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह महाविद्यालय में संचालित पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के व्यावसायिक पाठ्यक्रम बैचलर इन लाइब्रेरी साइंस (B.Lis) के नए समन्वयक के रूप में डॉ. शशिकांत पांडेय की नियुक्ति की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। राजनीति विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत डॉ. पांडेय को दो वर्षों के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डॉ. शशिकांत पांडेय ने प्राचार्य कक्ष में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया से मुलाकात कर अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एलएस कॉलेज की शैक्षणिक गरिमा को बनाए रखना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महाविद्यालय की ऐतिहासिक लाइब्रेरी का उल्लेख करते हुए कहा कि कॉलेज की समृद्ध विरासत वाली लाइब्रेरी को डिजिटल युग के अनुरूप उन्नत बनाना हमारा लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि बीलिस जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कॉलेज प्रशासन छात्रों को उत्कृष्ट तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ विभाग के सहयोग से लाइब्रेरी की दुर्लभ पांडुलिपियों और पुस्तकों के संरक्षण के लिए आधुनिक ई-संसाधन प्रणाली को भी सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रहा है। प्राचार्या ने बताया कि कॉलेज की ई-लाइब्रेरी को जल्द शुरू करने के लिए भी प्रयास तेज किए गए हैं।

नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. शशिकांत पांडेय ने कहा कि समन्वयक के रूप में उनका प्रयास रहेगा कि छात्रों को पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाए और पाठ्यक्रम को अधिक व्यावहारिक बनाया जाए।

डॉ. पांडेय को नई जिम्मेदारी मिलने पर महाविद्यालय के शिक्षकों और सहयोगियों ने उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में प्रो. राजीव झा, प्रो. एस.आर. चतुर्वेदी, डॉ. अर्धेंदु, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. इम्तियाज और डॉ. आनंद कुमार सहित कई अन्य शिक्षक शामिल रहे।