127 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उत्सव, रोशनी से जगमगाया लंगट सिंह महाविद्यालय
- Post By Admin on Jul 02 2026
मुजफ्फरपुर : उत्तर बिहार के प्रतिष्ठित एवं ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान लंगट सिंह महाविद्यालय (एल.एस. कॉलेज) के 127वें स्थापना दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 3 जुलाई को आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन से पहले गुरुवार शाम पूरा कॉलेज परिसर रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा। विद्युत सज्जा से सुसज्जित परिसर ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
स्थापना दिवस के मुख्य आयोजन के तहत महाविद्यालय के ऐतिहासिक आचार्य जे.बी. कृपलानी सभागार में भव्य समारोह के साथ एक विशेष राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष संगोष्ठी का विषय "बिहार में शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को गति प्रदान करने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भूमिका" निर्धारित किया गया है, जिस पर शिक्षा जगत के प्रख्यात विद्वान अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। समारोह की अध्यक्षता बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में बिहार सरकार के शिक्षा विभाग (उच्च शिक्षा) के निदेशक प्रो. एन.के. अग्रवाल शामिल होंगे। वहीं विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. समीर कुमार शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने बताया कि लंगट सिंह महाविद्यालय का 127 वर्षों का गौरवशाली इतिहास बिहार ही नहीं, बल्कि देश के शैक्षणिक और सामाजिक पुनर्निर्माण का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन और भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का अवसर भी है। इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षा नीति के आलोक में बिहार के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास पर गंभीर विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष के दौरान महाविद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध गतिविधियों और छात्र सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। स्थापना दिवस समारोह इन उपलब्धियों की समीक्षा करने और भविष्य के उच्च शैक्षणिक लक्ष्यों के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा।
प्राचार्या ने कहा कि कॉलेज प्रशासन ने समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और अतिथियों के स्वागत की व्यापक व्यवस्था की गई है। आयोजन को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में भी उत्साह का माहौल है। तैयारियों के दौरान प्रो. टी.के. डे, डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. आनंद कुमार सिंह, संजीव चौधरी सहित महाविद्यालय के कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 3 जुलाई को होने वाले इस समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षाविदों, विद्यार्थियों, पूर्ववर्ती छात्रों और गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।