बीआरएबीयू ने गेस्ट शिक्षकों को दी राहत, चयन समिति की अनुशंसा तक जारी रहेगा कार्य

  • Post By Admin on Jun 30 2026
बीआरएबीयू ने गेस्ट शिक्षकों को दी राहत, चयन समिति की अनुशंसा तक जारी रहेगा कार्य

मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) ने विद्यार्थियों के हित को देखते हुए अतिथि एवं पार्ट टाइम शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 31 मई 2026 तक कार्यरत रहे अतिथि और पार्ट टाइम शिक्षकों को फिलहाल कक्षाओं का संचालन जारी रखने की अनुमति प्रदान कर दी है।

विश्वविद्यालय के कुलपति के आदेश पर कुलसचिव द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यह निर्णय विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित नहीं हो, इसे ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आदेश विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्षों तथा अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भेजा गया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि जिन अतिथि एवं पार्ट टाइम शिक्षकों ने 31 मई 2026 तक कार्य किया है, वे अगले आदेश तक नियमित रूप से कक्षाएं संचालित करेंगे। हालांकि, उनकी सेवा का नवीनीकरण चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर ही किया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों और प्राचार्यों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इस निर्णय से विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और अंगीभूत कॉलेजों में पढ़ाई की निरंतरता बनी रहेगी तथा विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।