नए सत्र का आगाज: एलएस कॉलेज में छात्रों को मिली सफलता और संस्कार की सीख

  • Post By Admin on Apr 17 2026
नए सत्र का आगाज: एलएस कॉलेज में छात्रों को मिली सफलता और संस्कार की सीख

मुजफ्फरपुर: जिले के प्रतिष्ठित लंगट सिंह कॉलेज में शुक्रवार को सत्र 2025-27 के नवप्रवेशित स्नातकोत्तर छात्रों के लिए भव्य दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा के साथ नैतिकता, कौशल और निरंतर सीखने की जरूरत पर विशेष जोर दिया गया।

आचार्य कृपलानी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन और संगीत विभाग के छात्रों द्वारा कुलगीत प्रस्तुति के साथ समारोह की शुरुआत हुई। कॉलेज की प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने स्वागत भाषण में संस्थान के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि नई पहल और आधुनिक दृष्टिकोण के साथ लंगट सिंह कॉलेज भविष्य में उच्च शिक्षा का एक आदर्श मॉडल बनेगा। उन्होंने बताया कि कॉलेज को छात्र-केंद्रित और तकनीकी रूप से उन्नत स्किल हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि छात्र 21वीं सदी की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी भूमिका में 100 प्रतिशत देने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिणाम भले ही तुरंत न मिले, लेकिन ईमानदारी से किया गया प्रयास हमेशा सफल होता है। उन्होंने खेल, स्टार्टअप और विभिन्न करियर विकल्पों की चर्चा करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की भी सलाह दी। अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने छात्रों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सम्मान करने और निरंतर सीखते रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में अवसरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन सफलता के लिए अनुशासन और समर्पण जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि केवल अंक ही सब कुछ नहीं होते, बल्कि व्यक्ति का चरित्र और संस्कार ही उसकी असली पहचान होते हैं।

कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रोग्राम अधिकारी डॉ. शशिकांत पांडे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एनसीसी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कॉलेज के कई वरिष्ठ प्रोफेसर और शिक्षकगण उपस्थित रहे। इस दीक्षारंभ समारोह ने नवप्रवेशित छात्रों को नई ऊर्जा, दिशा और प्रेरणा देने के साथ उनके शैक्षणिक सफर की सशक्त शुरुआत की।