अनंतनाग में आतंकियों का हमला, ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल शहीद
- Post By Admin on Jul 23 2026
श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकियों ने बुधवार को पुलिस बल को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। लाल चौक इलाके में हुई फायरिंग में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमला दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फोर्स (TRF) के फाल्कन दस्ते ने हमले की जिम्मेदारी ली है। वर्ष 2019 में अस्तित्व में आए इस संगठन को भारत सरकार जनवरी 2023 में प्रतिबंधित आतंकी संगठन घोषित कर चुकी है। घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने विशेष पुलिस महानिदेशक (समन्वय) एसजेएम जिलानी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान और तलाशी अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान और तेज करने के निर्देश दिए।
हमले के बाद अनंतनाग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त अभियान चलाकर हमलावरों की तलाश में जुटी हैं तथा संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
*सांकेतिक तस्वीर*