पुलिस ने किया 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा, अवैध संबंध बनी वजह

  • Post By Admin on Aug 21 2024
पुलिस ने किया 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा, अवैध संबंध बनी वजह

लखीसराय : जिले के मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के ऋषि पहाड़पुर बहियार में मंगलवार को हुई महेंद्र पासवान की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में एसपी पंकज कुमार ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि मृतक के पुत्र सूरज कुमार द्वारा मामला दर्ज कराए जाने के बाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था।

पुलिस ने मानवीय और तकनीकी जांच के आधार पर गांव के ही रोशन कुमार को हिरासत में लिया और पूछताछ की। जांच में खुलासा हुआ कि महेंद्र पासवान और रोशन कुमार का एक महिला के साथ अवैध संबंध था, जो इस हत्या का मुख्य कारण बना। घटना के दिन, महेंद्र पासवान ने रोशन कुमार को घर जाने के लिए कहा, लेकिन रोशन को संदेह हुआ और वह महेंद्र का पीछा करने लगा। उसने महेंद्र को गोपाल मंडल के खेत में एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। इसके बाद, रोशन ने भी उस महिला के साथ संबंध बनाए। महिला के जाने के बाद, महेंद्र और रोशन के बीच पैसे को लेकर बहस हो गई, जो हाथापाई में बदल गई। गुस्से में आकर रोशन ने घास काटने वाली कचिया से महेंद्र के सिर पर चार-पांच बार प्रहार किया, जिससे महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और मरणासन्न स्थिति में वहीं गिर गए। 

घटना के बाद रोशन कुमार फरार हो गया। बाद में, ग्रामीणों से सूचना मिलने पर महेंद्र के पुत्र सूरज कुमार ने उन्हें बेहोशी की हालत में सदर अस्पताल, लखीसराय में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

इस हत्याकांड में गांव के ही गेंदालाल महतो के पुत्र रोशन कुमार को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कचिया (धारदार हथियार) और घटना के समय रोशन द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। इस विशेष छापामारी टीम में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक आकाश किशोर, मेदनी चौकी थाना अध्यक्ष सुनील साहनी, पुअनि रंजीत कुमार, कमल किस्कु, डीआईयू के सिपाही विभूति कुमार और पंकज कुमार सिंह शामिल थे।