मंदिर की दीवार क्षतिग्रस्त करने और पुजारी से मारपीट का मामला, जांच में जुटी पुलिस
- Post By Admin on Feb 07 2026
लखीसराय : जिले के कबैया थाना क्षेत्र अंतर्गत पंजाबी मुहल्ला स्थित स्नेह लता मातृ काली मंदिर में कथित रूप से दीवार तोड़ने, पुजारी के साथ मारपीट और धार्मिक भावना आहत करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मंदिर के नियमित पुजारी कुणाल कुमार ने कबैया थाना में आवेदन देकर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
आवेदन में कुणाल कुमार ने बताया है कि वे पचना रोड, वार्ड संख्या 20, लखीसराय के निवासी हैं और लंबे समय से स्नेह लता मातृ काली मंदिर की देख-रेख के साथ नियमित रूप से पूजा-पाठ करते आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि 6 फरवरी 2026 की सुबह करीब 11 बजे, जब वे मंदिर में पूजा कर रहे थे, उसी दौरान प्रभात रंजन नामक व्यक्ति, जिनका माउंट स्पेक्ट्रम स्कूल मंदिर के समीप की गली में स्थित है, बिना किसी अनुमति के मंदिर की दीवार तोड़ने लगे।
कुणाल कुमार के अनुसार जब उन्होंने दीवार तोड़ने का कारण पूछा तो उक्त व्यक्ति उग्र हो गया और गाली-गलौज करते हुए लात, घूंसे और चप्पल से उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए जबरन मंदिर की दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुजारी का कहना है कि मंदिर एक पवित्र धार्मिक स्थल है और इस प्रकार की घटना से न केवल मंदिर की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, बल्कि स्थानीय श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी ठेस लगी है। पूजा के समय हुई इस घटना से मंदिर की पवित्रता भंग हुई है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि इस घटना से उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से गंभीर पीड़ा पहुंची है। उन्होंने इसे कानूनन अपराध बताते हुए थाना प्रशासन से मांग की है कि मामले में दोषी व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाए और मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटने की बात कह रही है।