गुप्त सूचना के आधार पर गांजा के साथ दो गिरफ्तार

  • Post By Admin on Mar 30 2024
गुप्त सूचना के आधार पर गांजा के साथ दो गिरफ्तार

लखीसराय : गुप्त सूचना के आधार पर गांजा कारोबार में संलिप्त अपराधी को पकड़ने में पुलिस को मिली कामयाबी। बीते दिन सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष भगवान राम को गुप्त सूचना मिली कि जगदीशपुर में अवैध गांजा के कारोबार में संलिप्त रहे पंकज सिंह के नवनिर्मित मकान के पास एक व्यक्ति अपाची बाईक संख्या बीआर 01एफएल0317 पर उजले रंग के प्लास्टिक के बोरे के साथ संदिग्ध हालत में देखा गया है। जिससे वरीय पदाधिकारी को अवगत कराते हुए पुअनि नागमणि प्रसाद, सअनि मणिकांत यादव एवं पुलिस बल के साथ उक्त जगह पर टीम पहुंची तो पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। तत्काल व्यक्ति को पुलिस कर्मियों ने पकड़ लिया।

पकड़ाया व्यक्ति निर्मल कुमार उर्फ सोनू पिता रामानुज सिंह उर्फ चारी सिंह जैतपुर बड़हिया निवासी है। उसने बताया कि पंकज सिंह ने उससे गांजा मंगवाया है। जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत अंचल पदाधिकारी सूर्यगढ़ा की उपस्थिति में पंकज सिंह के मकान की विधिवत तलाशी ली गई। इस दौरान पंकज सिंह पिता स्व. सीताराम सिंह को एक बोरे के साथ पकड़ा गया। बोरा की जांच करने पर 8.800 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जिसे लेकर दोनों व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए थाना कांड संख्या 109/24 में मामला दर्ज किया गया है। बाईक जब्त करने के साथ ही पुलिस ने नकद 13800 रूपये जब्त किए। जांच के दौरान पाया गया कि पकड़ाए लोगों का आपराधिक इतिहास भी है। जिसमें पंकज सिंह पर दो मामले सूर्यगढ़ा थाना कांड संख्या 118/15 तथा 146/21 दर्ज है। जबकि निर्मल कुमार उर्फ सोनू पर बड़हिया थाना में चार मामले दर्ज है। जिनमें थाना कांड संख्या 21/19, 204/20, 147/22 तथा 157/21 दर्ज है।