सनकी प्रेमी ने प्रेमिका को मारी गोली, प्रेमी गिरफ्तार

  • Post By Admin on Feb 20 2024
सनकी प्रेमी ने प्रेमिका को मारी गोली, प्रेमी गिरफ्तार

लखीसराय : प्रेम प्रसंग में एक सनकी प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को सिर में गोली मार दी। घटना पाली पंचायत के कमरपुर गांव में हुई है। जानकारी के अनुसार 11 वीं की छात्रा को उसी के प्रेमी ने गोली मार दी। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में समीपवर्ती निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे फिर बड़हिया रेफरल अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल रेफर कर दिया गया। जख्मी छात्रा की पहचान कमरपुर निवासी मुकेश महतो की पुत्री नीलम कुमारी के रूप में हुई जबकि उसके प्रेमी की पहचान इसी गांव के राम इकबाल महतो के पुत्र बंगाली कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने सनकी प्रेमी को देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया है।  

विदित हो कि दोनों के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग था। लड़का उत्तर प्रदेश के किसी कंपनी में काम करता था जहां से उसका कल ही बड़हिया आना हुआ था। गांव पहुंचा प्रेमी अपनी प्रेमिका को भगाकर उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी में था। छात्रा के मना करने पर उसके सर में गोली मार दी। ऐन वक्त पर छात्रा उच्च विद्यालय बीरूपुर पढ़ने जा रही थी। स्कूली पोशाक में ही छात्रा के सर में गोली मार दी। हिरासत में रहे प्रेमी युवक ने स्वीकार किया कि उसने उत्तर प्रदेश में ही अपने किसी दोस्त की मदद से 7000 में हथियार खरीदा था। युवक ने बताया कि उसने खुद को भी गोली मारने की कोशिश की थी, लेकिन हथियार नहीं चला। फिर उसने समीप के ही गुजरे हुए बिजली तार को छूकर जान देने की कोशिश की। इसी बीच पुलिस ने उसे ग्रामीणों के सहयोग से दबोच लिया।