लखीसराय में रास्ते को लेकर हिंसक झड़प: लाठी-रॉड से हमला, महिलाओं से बदसलूकी और लूटपाट का आरोप

  • Post By Admin on Sep 07 2026
लखीसराय में रास्ते को लेकर हिंसक झड़प: लाठी-रॉड से हमला, महिलाओं से बदसलूकी और लूटपाट का आरोप

लखीसराय : जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले रेहुआ गांव में रास्ते (आम गैरमजरूआ जमीन) के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक का सिर फट गया है और महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए हैं। पीड़िता ने सदर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

सदर थाना को दिए गए आवेदन में रेहुआ गांव की रहने वाली पीड़िता जूली देवी, पति- धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना 6 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6:15 बजे की है। जब उनका परिवार घर से बाहर निकल रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाले भोला सिंह (पिता- माखे सिंह), शिववालक सिंह (पिता- भोला सिंह) और रामाशीष सिंह उर्फ सिंकू सिंह (पिता- भोला सिंह) ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इन लोगों ने गंदी गालियां देते हुए लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में जूली देवी के बेटे सत्यम कुमार के सिर पर गंभीर चोट आई और उसका सिर फट गया। साथ ही उसके पैर में भी मोच आ गई है, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ है। बीच-बचाव करने आए पीड़िता के पति धर्मेन्द्र सिंह को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा।

आरोप है कि दबंगई यही नहीं रुकी। हमलावर घर के अंदर घुस गए और वहां मौजूद पीड़िता जूली देवी, रेणु देवी (पति स्व. गणेश सिंह) और यहां तक कि चार महीने के एक मासूम शिशु सीताराम के साथ भी मारपीट की। मारपीट और अफरा-तफरी के बीच लूटपाट की घटना को भी अंजाम दिया गया। आवेदिका का आरोप है कि आरोपियों ने उनके गले से करीब एक भर (10 ग्राम) वजन की सोने की चेन और एक होल्डिंग झपट ली। वहीं, घायल बेटे सत्यम कुमार की कमीज फाड़ दी गई और उसकी जेब में रखे 400 रुपये नकद भी निकाल लिए गए।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इस पूरे फसाद की जड़ आम गैरमजरूआ जमीन पर बने खत्ते (रास्ते) का विवाद है, जिसे लेकर आरोपी पक्ष अक्सर उलझता रहता है। घटना के बाद जब पीड़ित परिवार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के लिए निकल रहा था, तब आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि वे लोग भी अपना सिर फोड़कर उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने थाने पहुंचेंगे। फिलहाल, पीड़िता जूली देवी ने सदर थानाध्यक्ष से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।